MP: चुनाव से पहले कांग्रेस को फिर झटका, तीन बार विधायक रह चुके हरी वल्लभ शुक्ला भाजपा में शामिल

लोकसभा चुनाव के बीच मध्य प्रदेश में कांग्रेस को एक बार फिर झटका लगा है। तीन बार विधायक रह चुके हरी वल्लभ शुक्ला ने आज भोपाल में भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर सीएम डॉ. मोहन यादव के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उनके साथ उनके बेटे आलोक शुक्ला भी भाजपा में शामिल हो गए, वे वतर्मान में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष पद पर आसीन थे। इनके अलावा कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है।
ये लोग हुए भाजपा में शामिल
कांग्रेस के शिवपुरी के पूर्व विधायक हरि वल्लभ शुक्ला, मध्य प्रदेश कांग्रेस सिंधी कल्याण समिति के पूर्व प्रदेश महामंत्री महेश गुरबाणी, प्रदेश कांग्रेस पूर्व महासचिव कमल सिंह रघुवंशी, जिला महामंत्री कांग्रेस शिवपुरी आलोक शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष सोशल मीडिया संगठन (टीम कमलनाथ) गौरव शर्मा, पूर्व महासचिव प्रदेश कांग्रेस अमित दांतरे, पूर्व सोसायटी अध्यक्ष जुझारपुर अमर सिंह यादव, सेवादल कांग्रेस उपाध्यक्ष होशंगाबाद राहुल सिंह समेत कांग्रेस पार्षद, सरपंच-उपसरपंच और कई पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।